हरियाणा मानसून अपडेट: 7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल
हरियाणा में मानसून सक्रिय, कई जिलों में झमाझम बारिश। मौसम विभाग ने 7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। तापमान में बड़ी गिरावट, उमस से मिली राहत।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने लगा है. गुरुवार सुबह हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल, गुरुग्राम और फतेहाबाद समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. अहीरवाल क्षेत्र में रात से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा, जबकि पानीपत और सोनीपत में सुबह तक अच्छी बारिश हुई. इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली.
बारिश के कारण कई जगह जलभराव: जहां एक ओर कल हो रही बारिश में महेंद्रगढ़ और फतेहाबाद में लोगों ने जमकर आनंद लिया. वहीं, कई लोग बारिश में सड़कों पर घूमते नजर आए. हालांकि कुछ इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
7 जुलाई तक बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा. विभाग ने 7 जुलाई तक राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है. अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पंचकूला और चंडीगढ़ से सटे क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना: मौसम विभाग का अनुमान है कि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है. रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मध्यम से तेज बारिश की संभावना है. वहीं हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी जताई है.
तापमान में आई बड़ी गिरावट: मानसून सक्रिय होने और बादलों की आवाजाही का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है. कुछ दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. न्यूनतम तापमान भी 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की संभावना है.

