हरियाणा मानसून अपडेट: 20 जुलाई तक उमस का दौर, उसके बाद भारी बारिश के आसार
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना कम रहेगी. विभाग का कहना है कि 20 जुलाई के बाद मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार बन रहे हैं. फिलहाल लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
20 जुलाई के बाद मानसून फिर से होगा सक्रिय : मौसम वैज्ञानिक के अनुसार मानसून ट्रफ फिलहाल जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने से हरियाणा में 20 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है. 20 जुलाई के बाद ट्रफ के दक्षिण की ओर आने से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है.
इन जिलों में हल्की बारिश के आसार: हालांकि उत्तर हरियाणा के कुछ जिलों को हल्की राहत मिल सकती है. विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है. इससे स्थानीय स्तर पर तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है.
16 जिलों में उमस और गर्मी का असर: मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में उमस और गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.
19-20 जुलाई से बदल सकता है मौसम: मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. 19 जुलाई से बादलों की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी और 20 जुलाई के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय होकर अच्छी बारिश करा सकता है. इससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
नारनौल सबसे गर्म, करनाल की रात सबसे ठंडी: वहीं, मानसून कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया. नारनौल 40.5°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि रोहतक में 40.2°C, सिरसा में 38.6°C तथा अंबाला और गुरुग्राम में 38.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो करनाल में 24.9°C के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज हुई, जबकि सिरसा में न्यूनतम तापमान 30.0°C और अंबाला में 29.4°C रहा है.

