लोहारू में रोडवेज कर्मचारियों ने यात्री का खोया बैग लौटाया:10 हजार नकद व कीमती सामान था, बस में भूल गई थी महिला यात्री
 

हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर अजीत सिंह और कंडक्टर जसवीर सिंह ने पेश की ईमानदारी की मिसाल। तोशाम-सतनाली मार्ग पर मिला यात्री का नकदी भरा बैग सुरक्षित लौटाया।

 
डिपो इंचार्ज कर्मवीर भाकर
भिवानी जिले में हरियाणा रोडवेज के तोशाम सब डिपो के कंडक्टर जसवीर सिंह और ड्राइवर अजीत सिंह ने ईमानदारी का परिचय दिया है। उन्होंने एक यात्री का खोया हुआ बैग नकदी और कीमती सामान सहित सुरक्षित लौटाया। जानकारी के अनुसार, तोशाम-सतनाली मार्ग पर अपनी ड्यूटी के दौरान ड्राइवर अजीत सिंह और कंडक्टर जसवीर सिंह को बस में एक लावारिस बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें करीब 10 हजार रुपए और अन्य कीमती सामान पाया गया।
डिपो इंचार्ज ने लगाया मालिक का पता
दोनों कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित रखा और तुरंत इसकी सूचना तोशाम डिपो प्रशासन को दी। इसके बाद डिपो इंचार्ज कर्मवीर भाकर के माध्यम से बैग की वास्तविक मालिक रेनू बाला धनाश्री का पता लगाया गया।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, बैग में रखी नकदी और अन्य सामान सुरक्षित रूप से रेनू बाला को सौंप दिया गया। अपना खोया सामान वापस मिलने पर रेनू बाला ने रोडवेज कर्मचारियों की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
डिपो प्रशासन ने भी चालक अजीत सिंह और परिचालक जसवीर सिंह के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा की ऐसे कर्मचारी विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करने का काम करते है ।