Bhiwani Roadways Recruitment 2026: इलेक्ट्रीशियन, फिटर और डीजल मैकेनिक समेत विभिन्न ट्रेडों के लिए मौका, ऐसे करें अप्लाई

हरियाणा रोडवेज भिवानी में विभिन्न ट्रेडों के 44 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकली है। इच्छुक उम्मीदवार 7 और 8 अक्टूबर को ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

 
GM Deepak Kundu Bhiwani

हरियाणा रोडवेज भिवानी में 44 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती ,7 व 8 अक्टूबर को करें ऑनलाइन आवेदन

भिवानी, 01 अक्टूबर। हरियाणा राज्य परिवहन भिवानी द्वारा विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस के 44 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। रोडवेज महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने बताया कि लोहारू व तोशाम उपकेंद्रों में विभिन्न ट्रेडों के लिए 7 से 8 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा।

उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र की छायाप्रति, दसवीं कक्षा की अंकतालिका, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) तथा आईटीआई प्रमाणपत्र की छायाप्रति 9 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यालय में जमा करवानी होगी। आवेदन पत्रों की छायाप्रति और दस्तावेजों की फोटो प्रतियां निर्धारित समय पर जमा करवाना अनिवार्य है। इसके बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। दस्तावेजों की जांच के लिए सभी आवेदकों को 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे अपने मूल दस्तावेजों सहित कार्यशाला, भिवानी में पहुंचना होगा।

उन्होंने बताया कि टर्नर का 01 पद, शीट मेटल का 01 पद, पेंटर का 1 पद, वेल्डर का 2 पद, कारपेंटर का 2 पद, फिटर के 12 पद, मैकेनिक डीजल के 8 पद, इलेक्ट्रीशियन के 9 पद तथा मोटर मैकेनिक व्हीकल के 8 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित हों।