Haryana School Summer Vacation 2026: हरियाणा में 25 मई से स्कूलों की छुट्टियां घोषित
हरियाणा में भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते सीएम नायब सिंह सैनी का बड़ा फैसला। 25 मई से सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां घोषित। पढ़ें पूरी अपडेट।
May 20, 2026, 20:22 IST
हरियाणा , चंडीगढ़ : हरियाणा में बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच (School Holidays Summer) मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आरेंज अलर्ट जारी किया तो सीएम नायब सिंह सैनी व शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद 25 मई से स्कूलों की गर्मी की छुटि्टयां घोषित कर दी। 24 मई को रविवार है, इसलिए 23 मई को गर्मी की छटि्टयों से पहले क्लास का आखिरी दिन होगा।
पहले शिक्षा विभाग द्वारा 1 जून से ही स्कूलों की छुटि्टयां की जानी थी लेकिन गर्मी के प्रकोप को देखते हुए विभाग ने यह फैसला लिया है। इससे पहले सीएम नायब सिंह सैनी ने शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों के साथ बैठक की और इस मामले में समीक्षा की गई। मौसम विभाग द्वारा हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है और तापमान 45 डिग्री के पार जा रहा है।
दिन के अलावा रातें भी गर्म हो चली हैं और दोपहर के समय घर से निकलने पर झुलसा देने वाली गर्मी का अहसास होता है। स्कूल की छुट्टी के समय भी सबसे ज्यादा गर्मी का समय होता है, इसलिए विभाग ने छात्रों के हित को देखते हुए समय से पहले छुट्टी की घोषणा की है।

