दीपक लोहिया मेमोरियल ट्रॉफी : हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 38 रनों से हराकर खिताब पर जमाया कब्जा
 

विक्रमजीत के ऑलराउंड प्रदर्शन से चमका हरियाणा, उत्तर प्रदेश को दी पटखनी
 
 
Physically Challenged Cricket Association of India

भिवानी, 10 मई : ग्रेटर नोएडा में आयोजित दीपक लोहिया मेमोरियल ट्रॉफी का आयोजन स्व. दीपक लोहिया की स्मृति में बड़े सम्मान और भावनात्मक माहौल के बीच किया गया। इस विशेष अवसर पर उनके पिता एवं पीसीसीएआई अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, दीपक की धर्मपत्नी तथा उनकी दोनों बेटियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान खिलाडिय़ों, अधिकारियों और उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय दीपक लोहिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। स्व. दीपक लोहिया को याद करते हुए पीसीसीएआई के राष्ट्रीय महासचिव रवि चौहान व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि उनका योगदान और व्यक्तित्व हमेशा सभी के दिलों में जीवित रहेगा तथा यह टूर्नामेंट उनकी स्मृति को आगे बढ़ाने का एक प्रेरणादायक प्रयास है।


     मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाडिय़ों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. दीपक लोहिया को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद हरियाणा और उत्तर प्रदेश की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच मुकाबला शुरू हुआ। उत्तर प्रदेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।


      हरियाणा की ओर से विक्रमजीत ने शानदार और विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 37 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में 6 चौके और 7 शानदार छक्के शामिल रहे। मैदान पर उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और मैच का रुख हरियाणा की ओर मोड़ दिया। इसके अलावा मोहम्मद अलजेब ने 22 गेंदों में तेजतर्रार 40 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आसिफ हुसैन ने भी महत्वपूर्ण 18 रन का योगदान देकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की। हरियाणा के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही सकारात्मक और आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
    उत्तर प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में अनवर अली और विन्टू यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए। चंद्रशेखर, विजय कुमार और राकेश गुप्ता को 1-1 सफलता मिली। हालांकि गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में विकेट निकालकर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन विक्रमजीत की विस्फोटक बल्लेबाजी के कारण हरियाणा बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।


      184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने भी संघर्षपूर्ण खेल दिखाया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और बल्लेबाजों ने तेज रन बनाने का प्रयास किया। उत्तर प्रदेश की ओर से शेन आलम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने की पूरी कोशिश की और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। अक्षांश चौधरी ने 20 गेंदों में 31 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी योगदान देने का प्रयास किया, लेकिन हरियाणा की अनुशासित गेंदबाजी और लगातार विकेट गिरने के कारण उत्तर प्रदेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बना सकी।


    हरियाणा की गेंदबाजी में रोहित मोरवाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए और उत्तर प्रदेश की बल्लेबाजी पर लगातार दबाव बनाए रखा। विक्रमजीत ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन को जारी रखते हुए 2 विकेट भी लिए। इसके अलावा अक्षर और संतोष को 1-1 विकेट मिला। हरियाणा के गेंदबाजों ने सधी हुई लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। इस तरह हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 38 रन से हराकर दीपक लोहिया मेमोरियल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के बाद खिलाडिय़ों और अधिकारियों ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं बल्कि समाज को जोडऩे, प्रेरणा देने और महान व्यक्तित्वों को सम्मान देने का भी सशक्त मंच है।