IMD Weather Update Haryana: मौसम विभाग की चेतावनी, 7 सितंबर तक इन इलाकों में झमाझम बरसेंगे बादल; जानें फसलों का हाल

हरियाणा में मानसून की सक्रियता जारी। पंचकूला, अंबाला और गुरुग्राम समेत कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
 
monsoon update Haryana September

चंडीगढ़: हरियाणा में शनिवार को मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ हवाएं चलने की भी संभावना है.

7 जिलों में बूंदाबांदी के आसार: IMD की मानें तो सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक में मौसम परिवर्तनशील रहेगा. यहां कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है. सोनीपत, हिसार और पानीपत में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार मानसून टर्फ रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक और फतेहगढ़ से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके प्रभाव से 5 से 7 सितंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.

पंचकूला में 99 MM बारिश: वहीं, पिछले 24 घंटों में पंचकूला में सबसे अधिक 99 MM बारिश दर्ज की गई. यमुनानगर में 57.5 MM, गुरुग्राम में 44.5 MM, करनाल में 33.5 MM, रोहतक में 32 MM और रेवाड़ी में 20 MM बारिश हुई. बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी. इसके अलावा गुरुग्राम में शुक्रवार को महज एक घंटे में 36 MM बारिश हुई. तेज बारिश से जलभराव और जाम की स्थिति बन गई.

8 सितंबर से मानसून होगा कमजोर: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि, "राज्य में बादलवाही के साथ उत्तरी और दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी. 8 सितंबर से मानसून की सक्रियता में फिर कमी आने की संभावना है.बारिश के दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. उन्होंने कहा, “किसान बारिश का दौर थमने तक सिंचाई और कीटनाशक छिड़काव स्थगित रखें तथा खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें."

अगस्त में 7% कम बारिश: हरियाणा में अगस्त में सामान्य 146.1 MM के मुकाबले 135.4 MM बारिश हुई, जो तीन वर्षों में सबसे कम है. 1 जून से 31 अगस्त तक 283.4 MM बारिश हुई, जबकि सामान्य आंकड़ा 349.9 MM है. यानी मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 19% कम बारिश दर्ज की गई. वहीं, नूंह में सामान्य से 25%, पलवल में 26%, गुरुग्राम में 17%, फरीदाबाद में 7% और भिवानी में 41% अधिक बारिश हुई है. दूसरी ओर करनाल में 68%, जींद में 51%, कैथल में 49%, अंबाला में 37% और रोहतक में 19% बारिश कम हुई है.