हरियाणा मौसम अलर्ट: कब आएगा मानसून? जानें बारिश और तूफानी हवाओं का हाल
हरियाणा में अगले 1 घंटे में तूफानी बारिश का अलर्ट। मानसून 4-5 जुलाई तक सक्रिय होने की उम्मीद। जानें करनाल, पानीपत, हिसार समेत अन्य जिलों का मौसम का हाल।
हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल चुका है. मौसम विभाग ने हाल ही में हरियाणा के मौसम को लेकर नई रिपोर्ट जारी की है, जिसमें अगले 1 घंटे में कई जिलों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, चरखी दादरी, भिवानी में तेज हवाएं व गरज चमक के साथ बारिश आने की संभावना है.
वहीं हिसार की चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय कृषि के मौसम विज्ञान विभाग के विभागध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मौसम आमतौर पर दो जुलाई तक परिवर्तनशील रहेगा. वहीं हरियाणा मानसून के 4 और 5 जुलाई के बीच आने की उम्मीद है.
29 जून को हरियाणा के उत्तरी और पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं 30 जून मानसूनी गतिविधियों शुरू होने की संभावना है. कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है. बारिश के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है. मगर मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में एक्टिव होगा.
1 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ इलाकों में तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है. 2 जुलाई को कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
3 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहने और अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं 4 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है. कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है.
5 जुलाई को हरियाणा में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश दर्ज की जा सकती है. मौसम सुहावना रहेगा और अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे रहने की संभावना है.

