IMD Monsoon Forecast Haryana: पंचकूला, अंबाला और गुरुग्राम समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

हरियाणा में 12 सितंबर तक मानसून रहेगा सक्रिय। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
 
Hisar temperature highest

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियां अभी थमने वाली नहीं हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 12 सितंबर तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा. 7 से 10 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 11 और 12 सितंबर को मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो सकती हैं.

इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक के आसार: मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है.

11 और 12 सितंबर को फिर सक्रिय होगा मानसून: आईएमडी के मुताबिक 11 और 12 सितंबर को प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इन दिनों कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी. बारिश बढ़ने से तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

हिसार सबसे गर्म, तापमान सामान्य के आसपास: प्रदेश में बारिश की गतिविधियों के बीच तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हिसार प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. चंडीगढ़ और सिरसा में 35.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.

अंबाला-पंचकूला समेत कई शहरों का तापमान: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अंबाला में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री, पंचकूला में 32.8 डिग्री, रोहतक में 31.4 डिग्री और करनाल में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बादलों और बारिश की गतिविधियों के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है.

पलवल में सबसे ज्यादा 40.5 मिमी बारिश: पिछले 24 घंटे के दौरान पलवल में प्रदेश की सबसे अधिक 40.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा करनाल के इंद्री और रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस क्षेत्र में 2-2 मिमी बारिश हुई. पानीपत के उझा में 1.5 मिमी और फरीदाबाद में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहा.

बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने की अपील: मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि गरज-चमक के समय खुले स्थानों में खड़े होने से बचें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें. किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे कृषि कार्य मौसम के ताजा पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए करें. अगले कुछ दिनों तक हरियाणा में मानसून के कारण मौसम का मिजाज लगातार बदलता रह सकता है.