हरियाणा में भीषण गर्मी: 13 जिलों में लू का अलर्ट, जानें कब होगी बारिश

हरियाणा में गर्मी का सितम जारी, 13 जिलों में लू (हीट वेव) का अलर्ट। रोहतक में तापमान 45.9°C दर्ज। 11 जून से मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

 
 मौसम विभाग हरियाणा

चंडीगढ़: हरियाणा में मंगलवार शाम को कई जिलों में आंधी और बारिश होने के बावजूद गर्मी का असर कम नहीं हुआ है. बुधवार को भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के 13 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है.

रोहतक में सबसे अधिक 45.9 डिग्री तापमान: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रोहतक में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार और सिरसा में 44.8 डिग्री, अंबाला में 43.6 डिग्री, करनाल में 43.4 डिग्री, नूंह में 43.2 डिग्री तथा गुरुग्राम में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

महेंद्रगढ़ और भिवानी में हुई बारिश: दक्षिणी हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में बारिश से आंशिक राहत जरूर मिली है. महेंद्रगढ़ जिले में 19 मिलीमीटर तथा भिवानी में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. नारनौल का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ का 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हालांकि बारिश का असर तापमान पर ज्यादा दिखाई नहीं दिया और गर्मी का प्रकोप बना रहा.

13 जिलों में लू चलने की चेतावनी: मौसम विभाग ने बुधवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में लू चलने की संभावना जताई है. विभाग का कहना है कि इन जिलों में दिन के समय तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है.

अगले तीन दिन और बढ़ेगी गर्मी: मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है. विभाग का कहना है कि इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.

11 जून से मौसम बदलेगा, बारिश के आसार: विभाग ने बताया कि 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. 11 और 12 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 13 और 14 जून को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है.