हरियाणा मौसम: 30 जून तक हीटवेव का अलर्ट, फिर होगी भारी बारिश

हरियाणा में भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर जारी, भिवानी सबसे गर्म। 1 जुलाई से मौसम में बड़े बदलाव और 2-3 जुलाई को भारी बारिश की संभावना। पढ़ें ताजा वेदर अपडेट।

 
हीटवेव सावधानी

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम अगले कुछ दिनों तक दो अलग-अलग रंग दिखाएगा. एक ओर प्रदेश के कई जिलों में 30 जून तक हीटवेव का असर बना रहेगा, वहीं दूसरी ओर जुलाई की शुरुआत के साथ मौसम करवट लेगा. मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ही 1 जुलाई से गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक रहा तापमान: आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार रविवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान भिवानी में रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा फरीदाबाद के बोपानी में 44.2, नूंह में 42.1, हिसार में 41.7, अंबाला में 41.6, चरखी दादरी और नारनौल में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट: मौसम विभाग ने 30 जून तक अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है. लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

आज इन जिलों में बारिश के आसार: वहीं, आज सोमवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और चरखी दादरी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है.

जुलाई की शुरुआत में बदलेगा मौसम: मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी. 2 और 3 जुलाई को कई जिलों में अच्छी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है. बारिश के प्रभाव से अगले तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.