Haryana Weather Update: 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पंचकूला में बहा पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल
चंडीगढ़: उत्तर भारत में बने नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
ट्राईसिटी में बारिश का कहर: चंडीगढ़ में बुधवार सुबह से फिर मौसम ने करवट ली. सुबह करीब 7:30 बजे से शहर में बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद सड़कों पर आवाजाही प्रभावित होने लगी है. पिछले दिन यानी कि मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव था. साथ ही ट्रैफिक की समस्या सामने आई थी. वहीं, पंचकूला में सुबह हल्की बारिश से काम पर जाने वालों को खासी परेशानी हुई. मंगलवार को चंडीगढ़ में महज दो घंटे में 72.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी जो इस मानसून सीजन की सबसे भारी दो घंटे की बारिश रही.
घग्गर नदी उफान पर, पुल बहा: वहीं, मंगलवार को पंचकूला और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद घग्गर नदी समेत कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया. घग्गर में पानी का बहाव बढ़ने से नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया. इससे आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई.
किसान को रस्सी के सहारे निकाला: इसके अलावा श्यामटू की नदी में पानी बढ़ने के कारण एक किसान फंस गया. स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं पंचकूला के सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में दो युवकों के बहने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने एक युवक को बचा लिया.
16 जिलों में बारिश की संभावना: मौसम विभाग के मुताबिक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पश्चिमी जिलों में भी बारिश: साथ ही सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में 25 से 50 प्रतिशत हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मानसून की सक्रियता बढ़ने से इन जिलों में भी मौसम में बदलाव की संभावना है.
हिसार सबसे गर्म: प्रदेश में मंगलवार को हिसार 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. नारनौल में 36, रोहतक और भिवानी में 35.9 तथा पलवल और फरीदाबाद में 35.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं यमुनानगर में 31.1 डिग्री तापमान रहा. रात के तापमान में यमुनानगर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में पंचकूला में 67 MM और यमुनानगर के हथनीकुंड में 53 MM बारिश दर्ज की गई.

