Haryana Weather Update: हरियाणा में 27 मई तक भीषण गर्मी का अलर्ट, इन जिलों में चलेगी लू

हरियाणा में आज से 27 मई तक मौसम शुष्क रहेगा। महेंद्रगढ़, हिसार और सिरसा सहित कई जिलों में गंभीर हीटवेव का अलर्ट। जानें कब मिलेगी गर्मी से राहत और बारिश के आसार।

 
मौसम विभाग की चेतावनी

हरियाणा : हरियाणा में आने वाले दिनों में गर्मी फिर बढ़ जाएगी। प्रदेश में आज से 27 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 26 और 27 को कई जिलों में गंभीर हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिन प्रदेश में कई जिलों में मौसम में बदलाव दिखा। सिरसा, महेंद्रगढ़ व झज्जर जिलों में बारिश हुई। वहीं अन्य कई जिलों में बादल छाए रहे।

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। हालांकि इन गतिविधियों के बावजूद अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। 

आज इन जिलों में चलेगी हीटवेव

राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45°C पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।