हरियाणा में गर्मी का कहर: रोहतक @42.3 डिग्री, 21-23 अप्रैल को लू का अलर्ट

हरियाणा में गर्मी ने दिखाए तेवर! रोहतक में पारा 42.3°C पार। मौसम विभाग ने 21 से 23 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों में लू (Heatwave) और गर्म रातों का अलर्ट जारी किया।

 
वार्म नाइट अलर्ट हरियाणा

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम लगातार करवट ले रहा है और गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राज्यभर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालात ऐसे हैं कि रोहतक में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है. वहीं, करनाल में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म होती जा रही हैं.

अगले 7 दिन रहेंगे चुनौतीपूर्ण: मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 7 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है. यह बढ़ोतरी धीरे-धीरे होगी, लेकिन इसका असर पूरे प्रदेश में महसूस किया जाएगा. बढ़ती गर्मी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है, खासकर उन इलाकों में जहां पहले से ही तापमान अधिक है.

लू का अलर्ट जारी:हरियाणा के कई हिस्सों में 21, 22 और 23 अप्रैल को लू चलने की संभावना जताई गई है. चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, रोहतक, झज्जर, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है.

गर्म रातें बढ़ाएंगी मुश्किलें : दिन की तपिश के साथ-साथ रात में भी राहत मिलने के आसार कम हैं. कई जिलों में “वार्म नाइट” यानी गर्म रात की स्थिति बन सकती है. इसका मतलब है कि रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, जिससे लोगों को लगातार गर्मी झेलनी पड़ेगी और नींद पर भी असर पड़ सकता है.

शुष्क मौसम, बारिश के आसार नहीं: प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है. 20 अप्रैल को किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई, लेकिन बारिश की कोई संभावना भी नजर नहीं आ रही. साफ आसमान और तेज धूप के कारण गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा.

सावधानी ही बचाव: मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासतौर पर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और अधिक से अधिक पानी पिएं. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, ताकि लू और गर्मी के प्रभाव से बचा जा सके.