हरियाणा में गर्मी का टॉर्चर: फरीदाबाद @43.4°C सबसे गर्म, जानें कब मिलेगी राहत
हरियाणा में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड! फरीदाबाद में पारा 43.4 डिग्री पहुंचा। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और आंधी-बूंदाबांदी की दी चेतावनी।
हिसार: पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने से जिंदगी बेहाल हो गई है। शुष्क और गर्म हवा ने गर्मी के तेवरों को प्रचंड बना दिया है। प्रदेश के फरीदाबाद जिले में 43.4, रोहतक और सिरसा में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। नारनौल में 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। पूरे प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से अधिक है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन का तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। अप्रैल में ही अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रहने के बाद अब तापमान 40 से 43 तक पहुंचने पर लोगों को भीषण गर्मी महसूस हो रही है।
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 25 अप्रैल की रात एक पश्चिमी विक्षोभसक्रिय होगा जिससे धूल भरी हवाएं, आंधी, हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। तापमान में गिरावट के आसार नहीं हैं। 28 व 30 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे जिससे उमस भरी गर्मी का मौसम बनेगा। रोहतक में सामान्य से 4.6 डिग्री तापमान ज्यादा रहा। करनाल में दिन का तापमान 41.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा था। हिसार में तापमान 42.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। पूरे प्रदेश में रात का तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है।

