हरियाणा मौसम: 8 जून से भीषण लू का येलो अलर्ट, जानें कब आएगा मानसून

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ते ही बढ़ेगा पारा। 8 जून से भीषण लू का अलर्ट, तापमान 45°C पार जाने का अनुमान। जानें मानसून अपडेट।
 
जून में बारिश का अनुमान

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम बदलने वाला है. पिछले कुछ दिनों से राहत दे रहा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है. इसके साथ ही प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू होने जा रहा है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है.

दक्षिण हरियाणा में आज भी बारिश और आंधी का अलर्ट: पश्चिमी विक्षोभ की विदाई के बावजूद दक्षिण हरियाणा के कुछ जिलों में रविवार को मौसम सक्रिय रह सकता है. मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल और नूंह में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है. कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है. हालांकि उत्तर और पश्चिम हरियाणा के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही बढ़ा तापमान: मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. रोहतक में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. राज्य के औसत तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अभी तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है, लेकिन अगले दो दिनों के बाद इसमें और तेजी आने की संभावना है. विभाग का अनुमान है कि आगामी चार दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है.

8 जून से शुरू होगा लू का असर: मौसम विभाग ने 8 जून से सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में लू चलने की चेतावनी दी है. इसके बाद 9 जून से जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल भी इसकी चपेट में आ सकते हैं. विभाग के अनुसार 10 जून को लगभग पूरे हरियाणा में भीषण लू चलने की संभावना है. इस दौरान दिन के समय बाहर निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

11 और 12 जून को मिल सकती है राहत: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर भी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 और 12 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं. हालांकि यह राहत अस्थायी रहने की संभावना है और इसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है.

जून की शुरुआत में सामान्य से कम बारिश: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून के शुरुआती छह दिनों में हरियाणा में सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. यही वजह है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के लिए तैयार रहना चाहिए. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को दोपहर के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

हरियाणा में मानसून कब पहुंचेगा? भारत में तीन दिन की देरी के बाद अब मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. शनिवार को मानसून आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम और मणिपुर पहुंच गया था. इससे पहले मानसून ने कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में एंट्री ले ली थी. बता दें 4 जून को मानसून केरलम पहुंचा था. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर से सभी राज्यों में पहुंच सकता है. इसके अलावा अगले दस दिनों में मानसून के हरियाणा, यूपी और बिहार पहुंचने की संभावना है.