IMD Weather Forecast Haryana: 17 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

हरियाणा में मानसून की गतिविधियां तेज। यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट, 17 सितंबर तक कई जिलों में बारिश की संभावना।
 
Yamunanagar heavy rain warning

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ गई हैं. सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि यमुनानगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर 17 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है.

14 और 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश: मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 16 और 17 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. इसके बाद भी कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. विभाग ने 14 से 17 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की स्थिति भी बन सकती है.

यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट: 14 सितंबर को यमुनानगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा करनाल, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल और फरीदाबाद में भी अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की जरूरत है. किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए खेतों में काम करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

आज किन जिलों में बारिश के आसार? 14 सितंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

13 सितंबर को हिसार में सबसे ज्यादा तापमान: बारिश की संभावना के बावजूद 13 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा. आईएमडी की 13 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार के अलावा चरखी दादरी के कैनाल रेस्ट हाउस में भी अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा. नारनौल में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अगले चार दिन तापमान में भी उतार-चढ़ाव: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले चार दिनों में बारिश के साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. बारिश और बादलों के कारण कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि बारिश के बीच उमस का असर भी बना रह सकता है. गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए आम लोगों और किसानों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.