Haryana Weather Today: 23 अगस्त तक जमकर बरसेंगे बादल, कैथल में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज, नारनौल में ठंडी रात
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों के करीब 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश हो सकती है.
यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में यलो अलर्ट: मौसम विभाग ने यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. झज्जर में शुक्रवार देर रात तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली. पानीपत और सोनीपत में शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं. वहीं, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश हो सकती है. मौसम की ऐसी स्थिति अगले दो दिन तक बने रहने का अनुमान है.
23 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून: मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में तेज बारिश हो सकती है. हालांकि, प्रदेश के अन्य हिस्सों में मानसून का प्रभाव कमजोर रहेगा. 24 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.
24 और 25 अगस्त को कम होगी बारिश: हरियाणा के दक्षिणी और पश्चिमी जिले 24 अगस्त को मुख्य रूप से शुष्क रहेंगे. कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है. 25 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है.
कैथल में 39 MM बारिश रिकॉर्ड: पिछले 24 घंटों में कैथल में सबसे अधिक 39.0 MM बारिश दर्ज की गई. महेंद्रगढ़ में 30.0 MM, पानीपत में 9.0 MM, रोहतक में 5.5 MM और फतेहाबाद में 2.5 MM बारिश हुई. रेवाड़ी और करनाल में 1.0 MM बारिश दर्ज की गई.
हिसार रहा सबसे गर्म: प्रदेश में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हिसार सबसे गर्म रहा. नारनौल में 36.5 डिग्री और फरीदाबाद, नूंह, पलवल व चरखी दादरी में 36.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. बारिश और बादलों के कारण कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और यमुनानगर में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा.
नारनौल में सबसे ठंडी रात: प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं फरीदाबाद में रात का तापमान 28.5 डिग्री, गुरुग्राम में 28.3 डिग्री और करनाल में 28.1 डिग्री रहा. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 20 अगस्त तक हरियाणा में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है.