हरियाणा में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 16 जिलों में बारिश की चेतावनी, जानें अपने जिले का हाल
हरियाणा में उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम के कारण मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 6 अगस्त तक 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चंडीगढ़: हरियाणा में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है. मंगलवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली. अंबाला, नारनौल, रेवाड़ी और झज्जर में बारिश दर्ज की गई, जबकि जींद में बूंदाबांदी हुई. भारत मौसम विज्ञान विभागने प्रदेश के 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम के प्रभाव से 6 अगस्त तक हरियाणा में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
21 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश : प्रदेश में मानसून के दो महीने बीतने के बावजूद अधिकांश जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है. अब तक 21 जिलों में 7 से 68 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है. केवल फरीदाबाद और पलवल में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है. बारिश की कमी के चलते 11 जिले रेड और 4 जिले येलो जोन में हैं, जबकि रोहतक, जींद और सिरसा में अब तक 100 मिलीमीटर से भी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.
6 अगस्त तक तेज बारिश के आसार: बदलते मौसम को लेकर मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि, "उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम की वजह से मानसून फिर सक्रिय हो गया है. 4 से 6 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और अच्छी बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. 7 और 8 अगस्त को प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. बादलों की आवाजाही से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है."
तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3 अगस्त को 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं हिसार में 37.6, सिरसा में 36.4 और रोहतक में 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में सबसे कम 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भिवानी में रात का तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

