IMD Weather Forecast Haryana: पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, जानें अपडेट

हरियाणा में 13 से 18 सितंबर तक मानसून रहेगा सक्रिय। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और आंधी-बिजली का अलर्ट जारी किया।
 
monsoon active Haryana 2026

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 13 से 18 सितंबर तक बारिश का दौर बना रहेगा. इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. 13 से 17 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने आज यमुनानगर में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए चेतावनी जारी की है.

16-17 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का दायरा: मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 सितंबर के बीच प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है. इसके बाद 16 और 17 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. 18 सितंबर को बारिश का दायरा फिर सीमित होकर कुछ स्थानों तक रहने का अनुमान है. लगातार बादल और बारिश की गतिविधियों के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में भी बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है.

13 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार: 13 सितंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.

यमुनानगर में भारी बारिश के साथ आंधी-बिजली की चेतावनी: मौसम विभाग ने यमुनानगर में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए चेतावनी जारी की है. विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.

प्रदेश में 35.9 डिग्री तक पहुंचा तापमान: शनिवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस में 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. नारनौल में अधिकतम तापमान 34.0, महेंद्रगढ़ में 34.2, रेवाड़ी में 33.1, गुरुग्राम में 33.1, नूंह में 33.3 और पलवल में 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश: पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. फरीदाबाद में 2.0 एमएम, रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस में 2.5 एमएम, सोनीपत के जगदीशपुर में 3.0 एमएम, यमुनानगर के हथनीकुंड में 1.0 एमएम और रेवाड़ी के बावल में 0.5 एमएम बारिश हुई. नूंह में भी 0.5 एमएम बारिश दर्ज की गई.