Haryana Weather News Today: अंबाला में टांगरी नदी का उफान, कालका-शिमला ट्रैक ठप, जानें अगले हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाओं की रफ्तार कम होने से अगले सप्ताह प्रदेश में ज्यादा बारिश के आसार नहीं हैं. करीब एक सप्ताह तक मानसून पर ब्रेक रहने की संभावना है. इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है.
अगस्त में सामान्य से 14% कम बारिश: अब तक हरियाणा में अगस्त में 257.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 फीसदी कम है. 19 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.5 MM बारिश हुई. पंचकूला में 67.5 MM, यमुनानगर में 60 MM, फतेहाबाद में 32 MM और सोनीपत में 29.5 MM बारिश दर्ज की गई.
अंबाला की 10 कॉलोनियों में घुसा पानी: पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के बाद अंबाला कैंट में मंगलवार देर रात टांगरी नदी का जलस्तर अचानक 27,720 क्यूसेक पहुंच गया. रात करीब 11:30 बजे आसपास की 10 कॉलोनियों में तीन फीट तक पानी भर गया. प्रशासन की पूर्व चेतावनी के चलते लोग पहले से सतर्क थे. बुधवार सुबह पानी उतरना शुरू हो गया.
मोरनी में लैंडस्लाइड, घग्गर का जलस्तर बढ़ा: पंचकूला के मोरनी हिल्स क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ. इससे कई मकानों पर खतरा मंडराने लगा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है. पंचकूला में घग्गर नदी भी उफान पर बह रही है.
सड़कों पर पानी: वहीं, तेज बारिश के कारण पानीपत और फरीदाबाद के प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया. सुबह के समय सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
कालका-शिमला ट्रैक पर मलबा गिरा: इसके साथ ही कालका-शिमला रेलखंड पर बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा ट्रैक पर आ गिरा. सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन संख्या 52458 को कोटी स्टेशन पर रोक दिया गया. ट्रेन में सवार 172 यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना अधिकारियों से मदद मांगी.
हिसार में पारा 37 डिग्री: हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, हालांकि यह सामान्य के आसपास रहा. हिसार 37.0°C के साथ सबसे गर्म रहा. नारनौल में 36.5°C, रोहतक में 36.2°C और भिवानी में 36.0°C तापमान दर्ज हुआ. बारिश वाले कुरुक्षेत्र में अधिकतम तापमान 32.5°C रहा. वहीं, प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान 0.3°C कम हुआ. गुरुग्राम में रात का तापमान 22.0°C रहा, जो सामान्य से 3.8°C कम था. चंडीगढ़ में 23.2°C, नूंह और नारनौल में 24.5°C तथा पंचकूला में 25.1°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. सिरसा में रात का तापमान सबसे अधिक 27.7°C रहा.

