Haryana Weather Forecast: उत्तरी हरियाणा पर बना साइक्लोनिक सरकुलेशन, 20 अगस्त तक झमाझम बारिश के आसार

हरियाणा में मॉनसून फिर से सक्रिय। साइक्लोनिक सरकुलेशन के चलते अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
 
आज का मौसम हरियाणा

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा और उत्तरी हरियाणा के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के अनुसार 17 अगस्त की रात से मौसम में बदलाव शुरू होगा और 20 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है.

तीन जिलों में यलो अलर्ट: मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ हवाएं और गरज-चमक होने की संभावना है. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में भी तेज बारिश हो सकती है.

कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश: सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है.

21 अगस्त से फिर बढ़ेगी बारिश: मौसम विभाग के मुताबिक 19 और 20 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आ सकती है. इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम या छिटपुट बारिश होगी. इसके बाद 21 अगस्त से मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा. इस दिन उत्तरी, दक्षिणी और मध्य हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा. 21 अगस्त को भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है.

साइक्लोनिक सरकुलेशन बढ़ाएगा मानसूनी सक्रियता: वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया, "उत्तरी हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने जा रहा है, जिससे मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी. 17 अगस्त की रात से 20 अगस्त के दौरान विशेषकर उत्तरी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है."

हिसार सबसे गर्म: इसके साथ ही प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा. हिसार 37.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. फरीदाबाद में 36.7, नूंह और पलवल में 36.2 तथा भिवानी में 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री की गिरावट रही. भिवानी में सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.