Haryana Heavy Rain IMD Alert: पलवल और गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश, जानिए 8 अगस्त तक आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम

हरियाणा में मॉनसून सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। IMD ने गुरुग्राम, पलवल और यमुनानगर समेत 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

 
हरियाणा तापमान गिरावट

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. IMD ने गुरुवार को राज्य के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार 8 अगस्त तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा.

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी: आईएमडी के अनुसार महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

पलवल और गुरुग्राम में सबसे ज्यादा बारिश: वहीं, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 78.0 मिमी बारिश पलवल जिले में दर्ज की गई. इसके बाद गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57.0 मिमी और यमुनानगर में 32.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई. लगातार हुई बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया और प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है.

8 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना: वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ अनुसार मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा फिलहाल फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इसके साथ ही राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हरियाणा में मानसूनी हवाएं सक्रिय हो गई हैंके अनुसार 7 और 8 अगस्त के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है.

दिन के तापमान में बड़ी गिरावट: बारिश और बादल छाए रहने से राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस सिरसा में रिकॉर्ड हुआ, जबकि गुरुग्राम में 26.1, करनाल में 27.0, यमुनानगर में 27.2 और रोहतक में 28.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 8 अगस्त तक दिन का तापमान इसी तरह सामान्य से नीचे बना रह सकता है.

रातें भी हुईं ठंडी: प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी 1.1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई. सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस हिसार में रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है. रेवाड़ी में 23.7, नूंह में 23.8, नारनौल और भिवानी में 24.0 तथा चंडीगढ़ में 25.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहने से मौसम सुहावना बना रहेगा.