Haryana Weather Alert Today: भिवानी, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में बारिश का येलो अलर्ट, जानें मौसम का हाल
हरियाणा में मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में येलो अलर्ट जारी किया है। 10 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान।
चंडीगढ़: मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बनी हुई है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रविवार को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवा चलने की भी संभावना है.
हरियाणा आंधी बारिश का अलर्ट: रविवार को भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
10 अगस्त के बाद मौसम में बदलाव संभव: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेश में 10 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. इस दौरान ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
रोहतक में सबसे ज्यादा 110 MM बारिश: पिछले 24 घंटों में हरियाणा के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. रोहतक में सबसे ज्यादा 110.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके बाद भिवानी में 99.5 MM, गुरुग्राम में 96.5 MM, चरखी दादरी में 84.0 MM बारिश हुई.
अन्य प्रमुख स्थानों पर बारिश का आंकड़ा:
- नारनौल: 43.0 MM
- जींद: 41.0 MM
- पलवल: 37.5 MM
- सोनीपत: 37.0 MM
- सिरसा: 28.7 MM
बारिश के चलते प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हिसार और नारनौल में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
हरियाणा में मानसून सक्रिय: एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉक्टर मदन खीचड़ के मुताबिक, मानसून ट्रफ की अक्षीय रेखा की उत्तरी सीमा अनूपगढ़, दिल्ली, सीधी और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके अलावा पंजाब के ऊपर एक चक्रवातीय सर्कुलेशन भी बना हुआ है. इन्हीं मौसमी सिस्टम के प्रभाव से हरियाणा में मानसूनी हवाएं सक्रिय हैं. इसके चलते रविवार और सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
10 अगस्त के बाद घट सकती है मानसून की सक्रियता: मौसम विभाग के अनुसार, 10 अगस्त के बाद मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर थोड़ा खिसकने की संभावना है. इससे हरियाणा में मानसून की सक्रियता में कमी आ सकती है. 11 और 12 अगस्त को प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है. बादल छाए रहने के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना है.
किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण है यह बारिश: अगले दो दिनों में होने वाली बारिश खेती के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकती है. हालांकि जिन इलाकों में कम समय में बहुत ज्यादा बारिश होती है, वहां खेतों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. किसानों को स्थानीय मौसम की स्थिति और विभागीय सलाह के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी जाती है.

