हरियाणा में मानसून अलर्ट: कब और कहाँ होगी भारी बारिश? जानें लेटेस्ट अपडेट

हरियाणा में गर्मी से मिलेगी राहत! मौसम विभाग ने मानसून की सक्रियता के साथ भारी बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी किया है। 20-22 जुलाई के बीच इन जिलों में होगी बारिश।

 
हरियाणा का तापमान अपडेट

चंडीगढ़: हरियाणा में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है.

आज इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा प्रदेश के मध्य और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

20 जुलाई से मानसून होगा पूरी तरह सक्रिय: मौसम विभाग का कहना है कि 20 जुलाई से मानसून पूरे हरियाणा में सक्रिय हो जाएगा. 20 से 22 जुलाई के बीच मानसून अपने चरम पर रहेगा और कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. 20 और 21 जुलाई को यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 22 जुलाई को भी उत्तरी हरियाणा के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है.

दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा में भी होगी अच्छी बारिश: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद समेत दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कई जिलों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है. 23 जुलाई को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.

किन जिलों में कब होगी बारिश?

  • 20 जुलाई: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में भारी बारिश की संभावना.
  • 21 जुलाई: उत्तरी और पूर्वी हरियाणा में गरज-चमक के साथ बारिश.
  • 22 जुलाई: उत्तरी जिलों में भारी बारिश जारी रहने के आसार.
  • 23 जुलाई: बारिश की तीव्रता कम होगी, लेकिन कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव.
  • सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद: 20 से 23 जुलाई के बीच कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना.

मौसम बदलने से बिजली की मांग में आई कमी: राज्य में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही बिजली की मांग में भी कमी दर्ज की गई है. 17 जुलाई को हरियाणा में बिजली की मांग ऑल टाइम पीक 14,429 मेगावाट तक पहुंच गई थी. वहीं, 18 जुलाई की शाम मौसम में बदलाव आने के बाद यह घटकर 13,887 मेगावाट रह गई.

सिरसा सबसे गर्म, पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा: प्रदेश में गर्मी और उमस का असर अभी भी बना हुआ है. अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा रोहतक में 40.3 डिग्री, हिसार में 39.7 डिग्री और भिवानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हालांकि, पिछले दिन की तुलना में औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट देखने को मिली.

रात में भी उमस से नहीं मिल रही राहत: हरियाणा में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है. यही वजह है कि लोगों को रात के समय भी उमस का सामना करना पड़ रहा है. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, फरीदाबाद और नूंह में न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस तथा सिरसा में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पिछले 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई.