हरियाणा मौसम अपडेट: 7 जिलों में यलो अलर्ट, 9 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर

हरियाणा में मानसून का असर जारी! पंचकूला, अंबाला सहित 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट। 9 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान। जानें अपने जिले का हाल।

 
मानसून 2026 हरियाणा

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की सक्रियता फिलहाल कुछ कमजोर पड़ी है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर धीमा रहा और केवल कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 9 जुलाई तक प्रदेश में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा. इस बीच 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.

7 जिलों में यलो अलर्ट: भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून ट्रफ इस समय पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान से होते हुए उत्तर-पूर्व भारत की ओर गुजर रही है. इसी सिस्टम के प्रभाव से रविवार को हरियाणा के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और महेंद्रगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

9 जुलाई तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम: मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 जुलाई तक हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी. लगातार बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में होने वाली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि धूप निकलने पर उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

बारिश के बाद गर्मी से राहत, लेकिन उमस बढ़ी: मानसून की एंट्री के बाद प्रदेश में लू का असर पूरी तरह खत्म हो चुका है. बादलों और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन बारिश रुकने के बाद तेज धूप निकलने से कई जिलों में उमस बढ़ गई है. इससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. 1 जुलाई को मानसून ने हरियाणा के कई और हिस्सों में दस्तक दी थी. इसके बाद 1 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश में कहीं अच्छी बारिश हुई तो कहीं मानसून की गतिविधियां कमजोर रहीं.

कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा, तो कुछ में कम बारिश: बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो फतेहाबाद में सामान्य से 47 प्रतिशत अधिक और हिसार में 12 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है. दूसरी ओर सिरसा में सामान्य से 76 प्रतिशत कम, जींद में 55 प्रतिशत कम और झज्जर में 34 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है. इससे साफ है कि प्रदेश में मानसून की बारिश का वितरण अभी समान नहीं है.

सिरसा सबसे गर्म, नारनौल की रात सबसे ठंडी: पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.वहीं रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है. सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में रात का तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में होने वाली बारिश के कारण तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है.