हरियाणा मौसम: नौतपा में बारिश का अलर्ट; 3 जून तक राहत, फिर बढ़ेगी गर्मी
हरियाणा में नौतपा के बीच मौसम हुआ सुहावना। IMD के अनुसार 3 जून तक बारिश के आसार, जिससे तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री नीचे गिरा। जानें कब से फिर सताएगी गर्मी।
हरियाणा : हरियाणा में नौतपा के बावजूद मौसम सुहावना बना हुआ है एवं तीन जून तक बारिश होने के आसार है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि तीन जून तक तथा पांच और छह जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं चार जून को कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। बादल छाए रहने और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। ऐसे में जून के पहले सप्ताह के अंत तक गर्मी फिर से असर दिखा सकती है।

