IMD Forecast Haryana: तापमान में बढ़ोतरी के साथ महेंद्रगढ़ रहा सबसे गर्म जिला, जानें अपने शहर का हाल
हरियाणा में बारिश का दौर थमने के बाद मौसम शुष्क हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
चंडीगढ़: हरियाणा में बारिश का दौर थमने के बाद मौसम एक बार फिर शुष्क होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी भी जारी नहीं की गई है. बुधवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में मंगलवार की तुलना में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
दिन में फिर महसूस हुई गर्मी: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने से दिन के समय गर्मी का असर दोबारा महसूस होने लगा है. कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.
महेंद्रगढ़ सबसे गर्म: महेंद्रगढ़ बुधवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार में 34.9, नूंह में 34.8, बालसमंद में 34.7, फरीदाबाद में 34.4, भिवानी और सिरसा में 34.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं, रेवाड़ी के बावल में 33.9, चंडीगढ़ में 33.6, चरखी दादरी और अंबाला में 33.2, नारनौल में 33.0, जींद में 32.6, करनाल में 32.5, उचाना में 32.5 और कुरुक्षेत्र व झज्जर में 32.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. गुरुग्राम के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान 33.1 से 34.1 डिग्री तक रहा.
सोनीपत सबसे कम गर्म: प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 30 डिग्री से नीचे भी रहा. सोनीपत में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कैथल में 30.8 और यमुनानगर के दमला में 31.4 डिग्री तापमान रहा. इससे जिलों के बीच तापमान में अंतर देखने को मिला.
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी: इसके साथ ही प्रदेश में दिन के साथ रात के तापमान में भी इजाफा हुआ है. प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगले सात दिन नहीं होगी बारिश: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सात दिनों तक हरियाणा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है और किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है. तापमान में हल्के बदलाव के साथ फिलहाल प्रदेश में बारिश के बजाय शुष्क मौसम रहने के आसार हैं.