Haryana Weather Update: हरियाणा के 17 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में मौसम ने बदली करवट! हिसार, गुरुग्राम समेत 17 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट। किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी। जानें तापमान का हाल।
हरियाणा : हरियाणा में मौसम ने फिर करवट ले ली है। बीती रात हिसार, गुरुग्राम, नारनौल और भिवानी सहित आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। आज भी मौसम विभाग ने सूबे के 17 जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बाकि इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही कल मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
आज सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और कैथल में तेज आंधी (40-50 किमी/घंटा), बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका है।
किसानों को दी गई ये सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। सब्जियों और फलदार पौधों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए कवर का इस्तेमाल करें। वहीं हरियाणा में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह सामान्य से नीचे बना हुआ है। कई जिलों में दिन का तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से नीचे बना हुआ है। रात का तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।

