Haryana Weather Update: हरियाणा में गुलाबी ठंड का असर तेज, गुरुग्राम और यमुनानगर 14.8°C के साथ सबसे ठंडे
हरियाणा में गुलाबी ठंड का असर बढ़ा। गुरुग्राम और यमुनानगर में रात का तापमान 14.8°C दर्ज। जानिए 24 अक्टूबर को किन 3 जिलों में होगी बूंदाबांदी।
चंडीगढ़। हरियाणा में रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंडी हवाओं के चलने से गुलाबी ठंड का असर धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के कई शहरों में रात का पारा 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। गुरुग्राम और यमुनानगर 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान दर्ज किए गए, जबकि करनाल में 15.4, महेंद्रगढ़ में 15.5 और सोनीपत में 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। हालांकि, दिन के समय धूप के कारण गर्मी बनी हुई है और नूंह में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
🌧️ 23 अक्टूबर तक शुष्क रहेगा मौसम: 24 अक्टूबर को पश्चिमी हरियाणा के 3 जिलों में बूंदाबांदी के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से 23 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात में पारा गिरने से ठंडक और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने 24 अक्टूबर को मौसम में हल्के बदलाव का अनुमान जताया है, जिसके तहत पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जिलों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।