हरियाणा मौसम अपडेट: प्री-मानसून की दस्तक, 6 जिलों में बारिश का अलर्ट

हरियाणा में प्री-मानसून सक्रिय। सिरसा समेत कई जिलों में बारिश से गर्मी से राहत। मौसम विभाग ने 6 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट। पढ़ें आज का मौसम अपडेट।

 
मौसम विभाग हरियाणा पूर्वानुमान

चंडीगढ़: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसूनी गतिविधियों के चलते मौसम ने करवट ले ली है. सोमवार सुबह सिरसा और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली. मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.

छह जिलों में अलर्ट जारी: मौसम विभाग के अनुसार आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. सुबह सिरसा में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया. विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

25 जून को सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा प्री-मानसून: मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 24 जून को बारिश की गतिविधियां दक्षिण-पूर्वी हरियाणा की ओर बढ़ेंगी. गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में भी बारिश की संभावना है. वहीं 25 जून को पूरे प्रदेश में प्री-मानसूनी गतिविधियां सबसे अधिक सक्रिय रहेंगी. इस दौरान कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. 26 जून को बारिश मुख्य रूप से सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर तक सीमित रहने का अनुमान है.

तापमान में आई गिरावट: पिछले 24 घंटों में बादलों और हल्की बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. रोहतक में सबसे अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि हिसार में 36.5 डिग्री, अंबाला में 36.3 डिग्री और करनाल में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. 40 डिग्री से नीचे पहुंचे तापमान ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई.

रात का मौसम हुआ सुहावना: न्यूनतम तापमान में भी औसतन 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 24 डिग्री, अंबाला में 25.4 डिग्री और सिरसा में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. दिन और रात दोनों के तापमान में आई कमी से लोगों को उमस से राहत मिली है और सुबह-शाम का मौसम काफी सुहावना बना हुआ है.