IMD Weather Forecast Haryana: पानीपत और करनाल समेत कई इलाकों में बदला मौसम, तापमान में आएगी गिरावट

हरियाणा में एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून। शनिवार को 16 जिलों में बारिश की संभावना, गर्मी से मिलेगी राहत।
 
Sirsa temperature

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश हो सकती है. इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं.

पानीपत में सुबह बूंदाबांदी: पानीपत के कुछ इलाकों में शनिवार सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. वहीं करनाल, सोनीपत और भिवानी में आसमान में बादल छाए रहे. मौसम में आए इस बदलाव के बीच अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

कल से तेज होगी बारिश की गतिविधियां: मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रविवार से मानसूनी गतिविधियां और मजबूत हो सकती हैं. अगले दो दिन कई जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं. बारिश बढ़ने से पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

शुक्रवार को 7 जिलों में बरसे बादल: हरियाणा के सात जिलों में शुक्रवार को भी बारिश हुई. दोपहर के समय गुरुग्राम, रेवाड़ी और रोहतक में बारिश हुई, जबकि शाम को पानीपत, हिसार, नूंह और भिवानी में भी बादल बरसे. बारिश के बाद प्रदेश के औसत तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है. बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में भी कुछ राहत मिल सकती है.

सिरसा रहा सबसे गर्म जिला: बारिश के बावजूद हरियाणा के पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बना रहा. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा. सिरसा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार में 38.4 और बालसमंद में 38 डिग्री तापमान रहा.

नारनौल में सबसे ठंडी रही रात: बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हुई, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना रहा. नारनौल में सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. भिवानी में 24.5 और हिसार में 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

गर्मी और उमस से राहत की उम्मीद: पिछले करीब एक सप्ताह से मानसून कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश में गर्मी और उमस बढ़ गई थी. औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.2 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया था. अब बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.