हरियाणा मौसम अपडेट: 18 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, लू से मिलेगी राहत
हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ। गुरुग्राम, हिसार और करनाल सहित 18 जिलों में बारिश और 40km की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान। तापमान में आएगी गिरावट।
हरियाणा में भीषण गर्मी और लू झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। जिसके प्रभाव से आज प्रदेश के 18 जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस मौसमी बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी। एक दिन पहले नारनौल में प्रदेश में सबसे ज्यादा 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
आगामी 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
28 अप्रैल को बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी। सिरसा और आसपास के इलाकों में बारिश की उम्मीद है। 29 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा के जिलों (गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात) में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है। 30 अप्रैल को मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा, हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रहेंगे।

