Haryana Rain Alert IMD: आज 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, हिसार रहा 37.7°C के साथ सबसे गर्म

हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट, 14 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना।
 
आईएमडी चंडीगढ़ अलर्ट

चंडीगढ़: हरियाणा में सोमवार को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन उत्तरी हरियाणा के तीन जिलों में कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है. IMD चंडीगढ़ के अनुसार पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में आज कई जगहों पर बारिश हो सकती है.

14 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, झज्जर, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, जींद, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत और पानीपत समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में किसी तरह की विशेष चेतावनी नहीं है. प्रदेश में कोई वार्निंग जारी नहीं की गई है, हालांकि कई जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है.

हिसार रहा प्रदेश में सबसे गर्म: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में रविवार को 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. हिसार में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. नारनौल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था.

यमुनानगर में सबसे ज्यादा बारिश: वहीं, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई. यमुनानगर के दमला में सबसे अधिक 13 मिमी बारिश दर्ज की गई. पंचकूला में 12.5 मिमी, नूंह के मंडीखेड़ा में 3.5 मिमी, गुरुग्राम के नॉर्थ कैप कार्यालय में 2.5 मिमी, रोहतक में 2 मिमी और अंबाला में 0.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई.

बारिश से तापमान में गिरावट की उम्मीद: मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 24 घंटे में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने पर तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है. किसानों के लिए भी बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है.बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.