Haryana Weather: हरियाणा में ओलावृष्टि से लौटी फरवरी जैसी ठंड, गेहूं की फसल को नुकसान
हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 8.1°C की भारी गिरावट। फरवरी जैसी ठंड का अहसास, गेहूं की फसल और मंडियों में पड़ा अनाज प्रभावित। जानें मौसम का ताजा अपडेट।
हरियाणा : हरियाणा में मौसम एकदम ठंडा हो गया है। प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि से फरवरी जैसी ठंड महसूस हो रही है। दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है, जबकि रातें भी ठंडी हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8.1°C तक नीचे दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी औसतन 3.3°C कम रहा।
आज से मौसम रहेगा साफ
प्रदेश में कई जगह बारिश और ओले गिरने से ठंडक बढ़ी है। इससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है, वहीं मंडी में खुले में पड़े गेहूं को बारिश से नुकसान पहुंचा है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि आज से मौसम साफ रहेगा।
वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में गर्मी का असर कम हो गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1°C तक नीचे चला गया। भिवानी में सबसे ज्यादा 30.4°C तापमान रिकॉर्ड हुआ, लेकिन यह भी सामान्य से काफी कम रहा।

