हरियाणा वेदर अपडेट: 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, तापमान में भारी गिरावट
हरियाणा में बदला मौसम: 10 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी। 4 जून से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ। जानें आपके शहर के तापमान और मानसून का ताजा अपडेट।
चंडीगढ़: हरियाणा में पिछले तीन दिनों से मौसम लगातार बदला हुआ है. राजस्थान की ओर से आ रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के असर से कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और धूलभरी आंधी देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने रविवार को भी 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 4 जून के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम फिर करवट ले सकता है.
10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट: मौसम विभाग ने रविवार को कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और नूंह जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने और अचानक मौसम खराब होने की भी संभावना जताई गई है.
शनिवार को कई जिलों में बरसे बादल: शनिवार को पंचकूला, फतेहाबाद, करनाल, पानीपत, हिसार, हांसी, जींद, सोनीपत, सिरसा और फरीदाबाद समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई. वहीं नारनौल और आसपास के इलाकों में धूलभरी हवाएं चलीं, जिससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई. बारिश और तेज हवाओं की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत मिली. हालांकि कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ.
4 जून के आसपास फिर बदलेगा मौसम: मौसम वैज्ञानिक मदन खिचड़ के अनुसार 4 जून के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश1 होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है.
तापमान में बड़ी गिरावट, गर्मी से राहत: लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की गई है. दिन का तापमान सामान्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है. अंबाला में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि फरीदाबाद 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. इसके बावजूद यहां भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया.
रातें भी हुईं ठंडी, उमस से मिली राहत: राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में भी 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. यह सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है. महेंद्रगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा सिरसा में 27 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 26.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. ठंडी हवाओं और बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है.
मानसून के लिए अभी करना होगा इंतजार: हरियाणा में मानसून आने में अभी एक महीने से ज्यादा समय बाकी है. सामान्य तौर पर मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में प्रदेश में प्रवेश करता है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार मानसून की रफ्तार धीमी रहने के कारण हरियाणा में इसकी दस्तक करीब एक सप्ताह तक देर से हो सकती है. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम सुहावना बने रहने और बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.

