हरियाणा मौसम अलर्ट: 20-22 जून तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, जानें हाल

हरियाणा में गर्मी-उमस के बाद राहत की उम्मीद। मौसम विभाग ने 20 से 22 जून तक कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी किया है।
 
मानसून पूर्व गतिविधियां हरियाणा

चंडीगढ़: हरियाणा में शुक्रवार को बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. इसी बीच मौसम विभाग ने 20 से 22 जून तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. अगले दो दिनों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

जिलों में आज आंधी-बारिश की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में तेज धूलभरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

रविवार को 13 जिलों में रहेगा ज्यादा असर: वहीं, 21 जून को मौसम का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 22 जून को अलर्ट का दायरा कुछ सीमित रहेगा, जबकि 23 जून से मौसम साफ होने का अनुमान है.

बारिश नहीं होने से बढ़ी गर्मी: दरअसल, शुक्रवार को बारिश नहीं होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. फरीदाबाद 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि रोहतक में 40.2 डिग्री, नूंह में 39.4 डिग्री और भिवानी में 39.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. बढ़ती उमस ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं.

रात में हल्की राहत: राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. गुरुग्राम में रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबाला में 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की आवाजाही के कारण आने वाले दिनों में रात के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.

जून में सामान्य से अधिक हुई बारिश: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 18 जून के बीच हरियाणा में 26.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 24.9 मिमी मानी जाती है. यानी इस बार प्रदेश में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. वहीं 12 से 18 जून के बीच सामान्य 13.5 मिमी के मुकाबले 20.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो लगभग 50 प्रतिशत अधिक है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि इस बार मानसून पूर्व गतिविधियां सामान्य से अधिक सक्रिय बनी हुई हैं.