राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए हरियाणा के जांबाज तैयार 

 
राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए हरियाणा के जांबाज तैयार 

भिवानी:

खेल नगरी भिवानी एक बार फिर खेल प्रतिभाओं के समागम का केंद्र बनी। 69वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के मद्देनजर अंडर-19 आयु वर्ग (लडक़े एवं लड़कियां) के लिए आयोजित स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जारी 5 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 19 जनवरी से 23 जनवरी तक चले इस कैंप में प्रदेश भर के चुनिंदा खिलाडिय़ों ने अपनी कला को धार दी।

यह कैंप मुख्य कोच सत्यवान की देखरेख में आयोजित किया गया। पांच दिनों तक चले इस गहन अभ्यास सत्र में खिलाडिय़ों को कराटे की बारीकियों, तकनीकी दांव-पेंच और आत्मरक्षा के आधुनिक गुर सिखाए गए। कोच सत्यवान ने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य खिलाडिय़ों के स्टेमिना को बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था। कैंप के समापन अवसर पर भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी डा. निर्मल दहिया मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं।

उन्होंने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल रचे-बसे हैं। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी डा. निर्मल दहिया ने कहा कि कहा कि हमारी बेटियां और बेटे खेल के मैदान में अपनी मेहनत के दम पर दुनिया भर में नाम रोशन कर रहे हैं। उन्हे पूरा विश्वास है कि बारामती महाराष्ट्र में 27 से 29 जनवरी तक होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में हमारे खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और स्वर्ण पदकों के साथ वापसी करेंगे।

कैंप की व्यवस्थाओं और खिलाडिय़ों की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कोच सत्यवान व हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन के जिला प्रधान व पीटीआई कुलदीप महला ने कहा कि इस 5 दिवसीय कैंप ने खिलाडिय़ों के भीतर एक नई ऊर्जा भरी है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने जिस तरह का अनुशासन और जज्बा दिखाया है, वह काबिले तारीफ है।

भिवानी हमेशा से खेलों का पावरहाउस रहा है और इस बार कराटे की यह टीम बारामती में इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है। विभाग और स्थानीय प्रशासन ने खिलाडिय़ों को हर संभव सुविधा प्रदान की है ताकि वे बिना किसी तनाव के अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें। इस अवसर पर एईओ श्रीभगवान, सत्यवान, मदन गोपाल, पीजीटी लेक्चरर पवन, टीम मैनेजर अमित, टीम कोच ब्वॉज मुनेश, टीम कोच गल्र्ज अनिल, टीम मैनजर पुष्पा, जीतपाल, राजेश सिवाच, कांता, विनोद बाला, उर्मिला, आदि मौजूद रहे।