Haryanvi Singer Ankit Balyan Firing: हत्या से 2 घंटे पहले शेयर किया था वीडियो, जिम से निकलते ही ताबड़तोड़ 20 राउंड फायर

शामली में जिम के बाहर बदमाशों ने हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या की। पढ़ें पूरी खबर।
 
शामली क्राइम न्यूज

हरियाणवी सिंगर, एक्टर और यूट्यूबर अंकित बालियान की उत्तर प्रदेश के शामली में जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन पर करीब 20 राउंड फायर किए, जिससे अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस स्तब्ध हैं।  

हत्या से 2 घंटे पहले की इंस्टाग्राम पोस्ट हुई वायरल
हैरान करने वाली बात यह है कि अपनी हत्या से ठीक दो घंटे पहले अंकित ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में वह मुस्कुराते हुए हरियाणवी अंदाज में गाते दिख रहे थे:  “रे खास भाई कि भड़क के ऊपर, मर्डर मार दे सड़क के ऊपर... जो खटकेगा वो भटकेगा, बचके जाएगा कुकर।”वीडियो के अंत में उन्होंने फैंस से इसे शेयर करने की अपील करते हुए "जय रामजी की भाइयों... जय बप्पा की, जय भारत" कहा था। अब इसी वीडियो के कमेंट सेक्शन में फैंस अपनी संवेदनाएं जता रहे हैं और इस इत्तेफाक पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। 

जिम से निकलते ही बदमाशों ने घेरा
घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की है। अंकित शाम को जिम करने गए थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज से इलाके में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

 कौन थे अंकित बालियान? 
शामली के गांव बंतीखेड़ा के रहने वाले अंकित, हरियाणा के सोनीपत में भी सक्रिय रहते थे।  उन्हें ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ और मासूम शर्मा व राजू पंजाबी जैसे बड़े कलाकारों के साथ प्रोजेक्ट्स से खास पहचान मिली थी।  बताया जा रहा है कि वह आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे।  पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और हमलावरों का सुराग लगाया जा सके।