दीपिका की मेहनत ने बेटियों के लिए पेश की मिसाल : राजकुमार जांगड़ा
किरण चौधरी व श्रुति चौधरी ने फोन के माध्यम से प्रदेश भर में अव्वल रही दीपिका को दी बधाई
May 15, 2026, 20:02 IST
भिवानी, 15 मई : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में गांव मिराण की छात्रा दीपिका ने प्रदेश स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दीपिका ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल और गांव का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे हरियाणा की गोल्डन गर्ल बनकर उभरी हैं। मूल रूप से गांव खेड़ा निवासी राजकुमार की रहने वाली दीपिका गांव मिराण में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। दीपिका की इस अभूतपूर्व सफलता की गूंज राजनीतिक गलियारों में भी सुनाई दी। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने फोन के माध्यम से छात्रा दीपिका को बधाई दी तथा उनके निर्देशानुसार शुक्रवार को वरिष्ठ भाजपा नेता व तोशाम विधानसभा प्रभारी अधिवक्ता हरि सिंह सांगवान और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार जांगड़ा ने दीपिका को मिठाई खिलाई और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। छात्रा को सम्मानित करने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता अधिवक्ता हरि सिंह सांगवान व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार जांगड़ा ने दीपिका की सफलता को अद्वितीय तपस्या करार दिया। उन्होंने कहा कि आज पूरे तोशाम क्षेत्र के लिए बड़े गौरव की बात है कि हमारी एक बेटी ने पूरे हरियाणा प्रदेश को अपनी प्रतिभा से चमका दिया है। दीपिका ने 500 में से 499 अंक लेकर यह साबित कर दिया है कि यदि किसी लक्ष्य को पाने की लगन सच्ची हो और पूरी शिद्दत से मेहनत की जाए, तो दुनिया का कोई भी मुकाम नामुमकिन नहीं है। यह परिणाम न केवल दीपिका की बौद्धिक क्षमता को दर्शाता है, बल्कि उसकी कड़ी मेहनत और तपस्या का जीता-जागता फल है। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और मंत्री श्रुति चौधरी की ओर से हम दीपिका के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना यह दर्शाता है कि हमारे गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उसे सही मार्गदर्शन और मेहनत की जरूरत है। इस अवसर पर प्राचार्य सुरेंद्र जांगड़ा, उदयभान मिराण, भल्लेराम मिराण, पूर्व हैडमास्टर रण सिंह, मा. रामभगत दरियापुर, मास्टर मांगेराम, पूर्व सरपंच पारस, पूर्व सरपंच बलवान सहित अनेक ग्रामीणा मौजूद रहे।

