समस्याएं लंबित होने के पीछे विभागाध्यक्ष हैं जिम्मेवार: डीसी
भिवानी।
उपायुक्त साहिल गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिस विभाग के पास समाधान शिविरों व सीएम विंडो से संबंधित समस्याएं लंबित हैं, वे ऐसी समस्याओं का तुरंत प्रभाव से समाधान करें।
समस्याएं लंबित होने के पीछे संबंधित विभागाध्यक्ष जिम्मेवार हैं। ऐसे में कोई भी विभागाध्यक्ष समाधान शिविरों और सीएम विंडो पर आने वाली समस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतें। लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त गुप्ता शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों व सीएम विंडो पर आई शिकायतों के समाधान की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा पोर्टल पर भरी जाने वाली एटीआर यदि मुख्यायल से वापिस आती है तो इससे जिले की रैंक खराब होती है। समस्या का समाधान करने के साथ-साथ शिकायत कर्त्ता की संतुष्टि भी करें ताकि शिकायत और ओपन ना हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम विंडो से संबंधित समस्याओं का हल किए जाने की रिपोर्ट रजिस्टर्ड डाक से संबंधित शिकायत कर्ता के पास अवश्य जानी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम विंडो पोर्टल को चैक करें और समस्याओं पर अंडर टेक करें। समस्याएं समय पर अंडर टेक जरूर हों। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिला और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है। ऐसे में अधिकारी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करें।
उपायुक्त श्री गुप्ता ने समीक्षा बैठक में क्रीड विभाग, पब्लिक हेल्थ, नगर परिषद भिवानी, समाज कल्याण, बिजली निगम, पंचायत विभाग, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उनके पास लंबित शिकायतों का अति शीघ्र समाधान करें। वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ मुख्यालय से भी आलाधिकारियों द्वारा समाधान शिविर व सीएम विंडो पर आने वाली समस्याओं के समाधान की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए गए।
निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लें अधिकारी: डीसी
समाधान शिविर के दौरान उप सिविल सर्जन एवं टीबी कंट्रोल नोडल अधिकारी डॉ. सुमन विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के बारे में विस्तार से बताया।
डीसी गुप्ता ने अधिकारियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लें ताकि जरूरतमंद टीबी मरीजों को पोषण किट के रूप में सहायता दी जा सके।
समीक्षा बैठक के दौरान इस दौरान एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा, डीएमसी गुलजार मलिक, नगराधीश अनिल कुमार, एसडीएम सिवानी विजया मलिक, बिजली निगम के एसई विनोद पूनिया, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसई सुनील रंगा, डीएसपी महेश कुमार, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अनिल कालड़ा, बीडीपीओ सोमबीर कादयान, एलडीएम विभूति पांडेय उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

