Anil School Dress Shop Fire News: शार्ट सर्किट से लगी भयंकर आग, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

हिसार की राजगुरु मार्केट में अनिल स्कूल ड्रेस की दुकान में भीषण आग। करोड़ों का नुकसान, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर।
 
Hisar short circuit fire news

हिसार : हिसार की राजगुरु मार्केट में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुकान नंबर 462 स्थित अनिल स्कूल ड्रेस की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरे बाजार में धुआं फैल गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 9 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर फायर विभाग की ओर से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

आग सबसे ऊपर वाले फ्लोर पर लगी

राजगुरु मार्केट प्रधान शिव कुमार सैनी के अनुसार, आग रविवार सुबह करीब साढ़े 11 से 12 बजे के बीच लगी। आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद करीब 10 से 15 मिनट में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

उन्होंने बताया कि दुकान में स्कूल के बच्चों की ड्रेस का काम होता है, जबकि सबसे ऊपर वाले फ्लोर पर कपड़ों की सिलाई की जाती है। जिस समय आग लगी, वहां दो कारीगर मौजूद थे। आग का पता चलते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि आग लगने के दौरान कोई व्यक्ति अंदर नहीं फंसा।

करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान

दुकान में कपड़ों के अलावा प्लास्टिक का सामान भी रखा हुआ था, जिसके चलते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से दुकान में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। मार्केट प्रधान के मुताबिक, आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और सामान की जांच के बाद ही हो सकेगा।

फायर ऑफिसर ने बताया, शॉर्ट-सर्किट की आशंका

फायर ऑफिसर सजन कुमार लांबा ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग के दो स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गई थीं। करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग बेहद भयंकर थी और दुकान में कपड़े तथा प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी।

 ऊपर वाले फ्लोर पर लगी आग को नीचे आने से रोकते हुए वहीं काबू कर लिया गया। फायर ऑफिसर के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है, लेकिन सही कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

मौके पर उमड़ी लोगों की भीड़

राजगुरु मार्केट में आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने के बाद काफी देर तक आग बुझाने का अभियान चलता रहा। आग से उठते धुएं के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं, मीडिया ने दुकान मालिक से घटना को लेकर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन दुकान मालिक ने बात करने से इनकार कर दिया और मीडिया कर्मियों से बहस करने लगा।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारण और नुकसान का वास्तविक आंकड़ा जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।