Hisar Crime & Accident News: हिसार के ढंडूर में दर्दनाक हादसा, सोनाली फोगाट के फार्म हाउस के पूल में डूबने से बच्चे की मौत
हिसार : सिरसा रोड पर इंदूर गांव के पास स्थित भाजपा नेता दिवंगत सोनाली फोगाट के फार्म हाऊस के स्वीमिंग पुल में मंगलवार देर शाम डूबने से 9 वर्षीय रागनी की मौत हो गई। मृतका का परिवार 12 दिन पहले ही फार्म हाउस पर काम करने के लिए आया था। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार यू.पी. के कासगंज जिले के गांव जमालपुर निवासी प्रताप भान सिंह ने बताया कि उसकी दो बेटी और एक बेटा है। वह 12 दिन पहले दिवंगत सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर काम करने के लिए आया था। पार्किंग की देखरेख का उसका जिम्मा है। वह परिवार के साथ फार्म हाउस में रहता है।
उसने बताया कि शाम को बेटी रागनी और उससे छोटी शशि फार्म हाउस में खेल रही थी। इस दौरान काफी समय से बंद पड़े स्वीमिंग पुल में गेंद चली गई। पुल में करीब 10 फुट तक गंदा पानी भरा हुआ था पुल के ऊपर लोहे की जाली लगी हुई है, मगर फिर भी गेंद अंदर चली गई। बेटी रागनी गेंद निकालने के लिए पुल के पास गई और लकड़ी का फटा हटा दिया। इसी दौरान उसका पांव फिसल गया और वह पुल के अंदर गिर गई।
परिजनों ने बताया कि करीब 6.30 बजे छोटी बेटी शशि ने आकर बताया कि रागनी गेंद निकालने के लिए गई थी और पानी में गिर गई। पता चलने पर दौडकर पुल के पास आए और बेटी को पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल की ईमरजेंसी में लेकर आए। तब डॉक्टरों ने चैकअप कर उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।

