रोहतक में ऑनर किलिंग के आरोपियों का एनकाउंटर
रोहतक में ऑनर किलिंग करने वाले आरोपियों की देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। आरोपी भाई साथियों के साथ अब जीजा की हत्या की साजिश रच रहा था।
इससे पहले कि कुछ कर पाते, पुलिस ने उनको रात 12 बजे लाढ़ौत रोड पर घेर लिया।
पुलिस ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने गोली चली दी। पुलिस ने भी बचाव में फायरिंग की। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं।
इस दौरान गोली लगने से 4 युवक घायल हो गए, जिन्हें PGI के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। घायल आरोपियों की पहचान रूखी के अंकित और गौरव, काहनी गांव के राहुल और संजू के रूप में हुई है। आरोपियों में अंकित की उम्र करीब 18 साल है, जबकि अन्य की 19 साल है। इनमें संजू मृतका सपना का सगा भाई है।
वहीं, काहनी गांव में आज दोपहर को सपना का अंतिम संस्कार किया जाएगा। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया था।
काहनी गांव की 23 वर्षीय सपना ने करीब साढ़े 3 साल पहले गांव के ही रहने वाले सूरज के साथ घर वालों के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज कर ली थी, जिसके बाद ही दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी शुरू हो गई।
एक ही गांव में भागकर शादी करने से सपना के परिवार वालों को काफी शर्मिंदगी महसूस हो रही थी। जिसके कारण कई बार सूरज के परिवार से झगड़ा भी हुआ और धमकी भी दी गई।

