रोहतक में ऑनर किलिंग, बहन की 5 गोलियां मारकर हत्या

 
रोहतक में ऑनर किलिंग, बहन की 5 गोलियां मारकर हत्या

रोहतक में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज करने से गुस्साए भाई ने 5 गोलियां मारकर बहन की हत्या कर दी। देवर बचाने आया तो उसकी छाती में भी गोली मार दी गई।

वहीं बहन का पति उस वक्त घर नहीं था, इस वजह से उसकी जान बच गई। शुरुआती जांच में पता चला कि महिला ने 3 साल पहले गांव के ही युवक से लव मैरिज की थी। पहले वह दूसरी जगह रहती थी।

कुछ महीने पहले ही वह पति के साथ गांव लौटी थी। जिससे उसके मायके वाले बेइज्जती महसूस कर रहे थे। सदर थाना पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया है।

महिला के पति ने अपने साले और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक महिला का 2 साल का बेटा भी है।

इस हत्या से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें हमलावर पिस्टल लहराते हुए घर की तरफ जाते और कत्ल के बाद भागते हुए नजर आ रहे हैं।

काहनी गांव की रहने वाली निर्मला ने बताया कि मेरे बड़े बेटे सूरज ने 3 साल पहले गांव की ही सपना (23) से लव मैरिज की थी। सूरज ऑटो चलाता है। शादी के बाद इनका 2 साल का बेटा है। सपना के परिवार के लोग इस शादी से खुश नहीं थे। इसलिए शुरू में दोनों रोहतक में किराए के घर में रहे। 2 साल पहले सूरज और सपना गांव में आकर रहने लग गए। इस बात से सपना का परिवार बेइज्जती महसूस कर रहा था।

सदर थाना पुलिस ने सपना के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। साहिल का अभी ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। सपना के पति सूरज ने अपने साले संजू और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी है। अभी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।