पंचकूला चुनाव: हुड्डा का बीजेपी पर बड़ा हमला, 160 करोड़ के घोटाले का लगाया आरोप

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंचकूला में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज के लिए मांगा समर्थन। 160 करोड़ के घोटाले और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा।

 
हरियाणा कर्ज रिपोर्ट

पंचकूला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंचकूला की जनता से कांग्रेस के समर्थन में वोट की अपील की। उन्होंने कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और सभी 20 पार्षद प्रत्याशियों से मुकाकात की व विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पंचकूला निगम चुनाव में कांग्रेस की प्रबल जीत का भरोसा जताया। हुड्डा ने कहा कि तीनों निगमों के चुनाव कांग्रेस के पक्ष में जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में पंचकूला में कोई विकास नहीं हुआ। सड़कें टूटी हुई हैं और शहर की स्थिति बेहद खराब है। पंचकूला प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ से सटा हुआ शहर है, फिर भी यहां विकास की उपेक्षा हुई है। 

हुड्डा ने उठाया पंचकूला निगम में 160 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला

हुड्डा ने पंचकूला निगम में 160 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि घोटाले को बड़े स्तर पर अंजाम दिया गया है। हुड्डा ने कहा कि बीजेपी के मेयर उम्मीदवार के पास ही पहले सड़कों के निर्माण का ठेका था। हुड्डा ने पूछा कि जिसने सड़कें ऐसी बनाई हैं, वह मेयर बनकर क्या विकास कर सकता है। 

हुड्डा ने हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर बोला तीखा हमला

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य अब देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन चुका है। यहां बेरोजगारी चरम पर है, ऑर्गनाइज्ड क्राइम बढ़ रहा है और लगातार रंगदारी व फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने कई व्यापारियों से फिरौती मांगे जाने का उदाहरण दिया। लेकिन प्रदेश की इस हालत पर ध्यान देने की बजाए मुख्यमंत्री पंजाब के दौरे करने में बिजी हैं। लेकिन हरियाणा की हालत देखकर बीजेपी को ना पंजाब की जनता वोट करेगी और ना ही पंचकूला की। 

हुड्डा ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर कहा कि 1966 से 2014 तक प्रदेश पर 60 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो इन 11 वर्षों में बढ़कर पांच लाख करोड़ रुपये हो गया है। HSVP को गरीब और मध्यम वर्ग को प्लॉट देने के लिए बनाया गया था, लेकिन अब प्लॉटों की नीलामी में प्रॉपर्टी डीलर खरीद रहे हैं।  उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी के ट्रिपल इंजन सरकार वाले बयान पर कहा कि पिछले 12 वर्षों से ट्रिपल इंजन की सरकार है, लेकिन तीनों इंजन फेल हो चुके हैं। निगमों में भ्रष्टाचार चरम पर है। फरीदाबाद में 200 करोड़ की सड़कें फाइलों में बन गईं, पंचकूला में 160 करोड़ गायब हो गए, रोहतक में भूमि घोटाला हुआ। सफाई, ठेकेदारी और अन्य घोटालों की श्रृंखला चल रही है। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने पंचकूला की मौजूदा समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहां पानी निकासी, सीवरेज, सफाई और सीसीटीवी की दुर्दशा सबके सामने है। कांग्रेस निगमों में भ्रष्टाचार समाप्त कर पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाएगी। महिला आरक्षण पर हुड्डा ने कहा कि बीजेपी केवल बातें कर रही है और इसे परिसीमन के साथ जोड़कर लटका रही है। 2023 में बिल पास होने के बाद 2026 में नोटिफिकेशन किया गया, जिससे बीजेपी की नीयत साफ है। कांग्रेस ने निगम चुनाव में 5 में से 4 जगह महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी ने महिलाओं को टिकट ही नहीं दिए। पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 15 साल पुरानी TMC सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी का फायदा बीजेपी को मिला, जबकि हरियाणा में 11 साल पुरानी बीजेपी सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी का फायदा कांग्रेस को मिलेगा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंचकूला निगम चुनाव के लिए कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज को मजबूत उम्मीदवार बताते हुए कहा कि कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने पंचकूला की जनता से अपील की कि भ्रष्टाचार पर नकेल कसने और विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।

नेता प्रतिपक्ष के साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद वरुण मुलाना, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई,पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, दिव्यांशु, लहरी सिंह,संजीव भारद्वाज जिलाध्यक्ष संजय चौहान, मनवीर गिल,रविंदर रावल,चाँदवीर हुड्डा, भूपेंद्र भूपी, राजेन्द्र कक्कर ,सलीम,संदीप सोही,अनूप कुमार,रोशन लाल,राकेश सोंधी,पंचकूला मेयर उम्मीदवार सुधा भारद्वाज और सभी वार्ड प्रत्याशी मौजूद रहे।