Cervical Cancer Prevention Haryana: भिवानी जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज, ब्लॉक स्तर पर नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी

भिवानी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज। एडीसी ने ब्लॉक स्तर पर नियुक्त किए नोडल अधिकारी।
 
health department Bhiwani

एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता के लिए एडीसी ने समीक्षा बैठक में ही प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर नियुक्त किए नोडल अधिकारी

समीक्षा बैठक में दीपक बाबू लाल करवा ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के दिए निर्देश

भिवानी, 8 सितंबर। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक ली। एडीसी ने एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता को लेकर समीक्षा बैठक में ही प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए। उन्होंने किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए दिए निर्देश। उन्होंने कहा कि पीटीएम में अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के लिए जागरूक किया जाए। एचपीवी टीका बेटियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभाएगा। यह टीका अभिभावकों की लिखित सहमति पर ही लगेगा।

एडीसी ने निर्देश देते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी किशोरियों का टीकाकरण किया जाना है। जिला में कुल 9500 किशोरियों का टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। एडीसी ने समीक्षा बैठक के  दौरान ही प्रभावी मॉनिटरिंग व जागरूकता के लिए ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए। उन्होंने डिप्टी डीईओ राजबाला को भिवानी, बवानीखेड़ा और तोशाम ब्लॉक तथा बीईओ विजा प्रभा को बहल, सिवानी, लोहारू और कैरू ब्लॉक का नोडल अधिकारी नियुक्त किया। उन्होंने नोडल अधिकारियों को स्कूलों में बच्चियों तथा उनके माता-पिता से संपर्क कर उन्हें टीकाकरण के प्रति जागरूक करने और लक्ष्य को जल्द पूरा करवाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

एडीसी ने शिक्षा विभाग को विशेष रूप से निर्देश दिए कि स्कूलों में आयोजित होने वाली पेरेंट्स-टीचर मीटिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी बुलाया जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के लाभों के बारे में जानकारी देने और उन्हें अपनी बेटियों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करे। एडीसी ने कहा कि टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स घर-घर जाकर महिलाओं और अभिभावकों को जागरूक करें।

सीएमओ ने कहा—सभी सीएचसी-पीएचसी पर नि:शुल्क उपलब्ध है टीका

सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि जिले में अब तक करीब 2400 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि कुल लक्ष्य 9500 का है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर एचपीवी टीका नि:शुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है।

बैठक में अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष, महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा, डिप्टी डीईओ राजबाला, सीडीपीओ किरण, बीईओ लोहारू विजय प्रभा, बीईओ भिवानी परवेश, बीईओ बवानी खेड़ा सतिंदर, बीईओ तोशाम विजय कुमार, डॉ राजेश खटक, एसएमओ डॉ नरेश सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।