Illegal Colony Demolition Bhiwani: कोट-उमरावत रोड पर 4 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी पर प्रशासन का पीला पंजा, अवैध निर्माण ध्वस्त
कोट-उमरावत रोड पर 4 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई
लोगों को अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदने की दी सलाह
भिवानी, 8 सितंबर। शहरी क्षेत्र भिवानी में अवैध निर्माण एवं कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। विभाग ने हरियाणा स्टेट इंफोर्समेंट ब्यूरो थाना भिवानी के सहयोग से अभियान चलाकर मौजा कोट व उमरावत में कोट-उमरावत रोड पर करीब 4 एकड़ में फैली एक अवैध कॉलोनी में बने अवैध निर्माणों को हटाया।

कार्रवाई के दौरान 4 चारदीवारी, एक डीपीसी तथा डिमार्केशन को तोड़ा गया। जिला नगर योजनाकार जयदीप खरब ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र, नियंत्रित क्षेत्र एवं अनुमोदित सडक़ों की हरित पट्टी में किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जाना चाहिए। किसी भी भवन या अन्य निर्माण से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति लेना सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा अवैध निर्माण एवं अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।