हरियाणा में रात के साथ अब दिन भी होंगे ठंडे
हरियाणा में 1 दिसंबर को अल सुबह पारा जमाव बिंदू की तरफ बढ़ गया। हिसार में बीती रात का तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में 24 घंटे में औसत न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है। कल अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई थी। रात-दिन दोनों समय के तापमान कम हो रहे हैं।
इस बीच कोहरे का असर ट्रेनों पर भी पड़ने लगा है। अंबाला से 4 ट्रेनें रद्द की गई हैं। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक के रास्ते चलने वाली कई ट्रेनों को भी रद कर दिया गया है।
बीत रात को राज्य में सबसे कम तापमान हिसार में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में अब तक की सबसे ठंडी रात रही। हिसार में एक ही दिन में तापमान 2.2 डिग्री तक गिर गया। अब यहां का तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री नीचे चला गया है।
करनाल में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री, रोहतक में 6.0 डिग्री और सिरसा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार अंबाला में 8.4 डिग्री, पंचकूला में 8.9 डिग्री और कुरुक्षेत्र में 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
संडे की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.2°C नूंह (AWS) में दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है और हिसार में न्यूनतम तापमान 5.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। 1 दिसंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं और शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है।
तीन दिनों में तापमान गिर कर 5 डिग्री तक आ सकता है। आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे की स्थिति बन सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 3 दिसंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। 1 दिसंबर से रात्रि तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है।
इस दौरान वातावरण में नमी होने से उत्तर व पश्चिमी हरियाणा में अलसुबह हल्की धुंध परंतु दक्षिणी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की संभावना है।
इस दौरान हवाओं में हल्का बदलाव रहने तथा 1 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। जिससे सुबह व शाम को ठंड बने रहने तथा दिन में धूप खिले रहने की संभावना है।
इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।

