हलवासिया विद्या विहार में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी
स्थानीय हलवासिया विद्या विहार के वरिष्ठ विभाग में नचिकेता सदन की देख-रेख में स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी का पर्व बहुत धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मांँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व वंदना के साथ हुआ। सर्वप्रथम कक्षा बारहवीं बी से छात्र विशाल ने अपने ओजस्वी स्वर में स्वतंत्रता दिवस पर अपना भाषण प्रस्तुत किया।
कक्षा ग्यारहवीं 'इ' से छात्रा साक्षी ने देशभक्तिपूर्ण कविता का वाचन किया। कक्षा ग्यारहवीं इ से छात्र अंशुल ने कारगिल विजय पर एक प्रेरणादायक कहानी सुनाकर वीरों के अदम्य साहस से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर कक्षा बारहवीं 'डी' से छात्रा वैशाली द्वारा भगवान कृष्ण की महिमा पर व कक्षा ग्यारहवीं इ से रुचिका द्वारा देशभक्ति गाने पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
कक्षा दसवीं इ के छात्र हर्ष द्वारा जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में एक सुंदर भजन प्रस्तुति दी गई। कक्षा बारहवीं ए से छात्र सागर ने शहीद भगत सिंह की वीरगाथा का वर्णन करते हुए हरियाणवी रागिनी प्रस्तुत की। विद्यालय के प्राथमिक विभाग में भी स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी पर्व बहुत हर्षोल्लास से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान कृष्ण की आरती से किया गया। तत्पश्चात कक्षा एल.के.जी. से पांँचवी तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत व प्राचार्य विमलेश आर्य ने सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएंँ दी।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा भिवानी शहर में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंँचाने हेतु एक भव्य रैली निकाली गई जिसका उद्देश्य समाज के लोगों में राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना को बढ़ावा देना रहा और साथ ही अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत, प्राचार्य विमलेश आर्य व उप प्राचार्य दीपक वशिष्ठ द्वारा हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा रैली को रवाना किया गया ।
इस रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति से ओत-प्रोत भारत माता की जय, मेरा देश महान, एक भारत श्रेष्ठ भारत व वंदे मातरम इत्यादि नारे लगाकर वातावरण को देशभक्ति पूर्ण कर दिया। रैली में लोगों को तिरंगे का महत्व, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों के बारे में बताकर जागरुक किया गया। तिरंगा रैली विद्यालय के प्रवेश द्वार से शुरू होकर विकास नगर से सब्जी मंडी होते हुए विद्यालय के मुख्य द्वार से विद्यालय पहुंँची।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत ने स्वयंसेवकों व विद्यार्थियों द्वारा रैली के माध्यम से समाज के लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान व देशभक्ति की अलख को जगाने की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के गौरव और एकता के प्रतीक को सशक्त बनाएं। रैली के दौरान स्वयंसेविका साक्षी, प्रिया,नियति, पीहू सोनी, तथा स्वयंसेवक पंकज व यश सांगवान इत्यादि का विशेष रूप से योगदान रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ विभाग मुख्य एलेग्जेंडर दास, अमरेंद्र कुमार, माध्यमिक विभाग प्रमुख सुवीरा गर्ग, प्राथमिक विभाग प्रमुख वीणापाणि महता, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी आचार्या कविता तंवर, मनोज शर्मा,गरिमा शर्मा ,मोनिका मेहता, सुमन तंवर, सारिका अरोड़ा,किरण मखीजा, कलाचार्या सोनिया व खेल प्रशिक्षक रामभगत इत्यादि समस्त वरिष्ठ विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।

